रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 17 में एक बार फिर जनता ने विकास और भरोसे की राजनीति पर मुहर लगाते हुए निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा को दोबारा अपना प्रतिनिधि चुना है। कड़े मुकाबले में नीतू शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमित रंजन उर्फ सानू सिंह को करीब 197 मतों के अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। मतगणना समाप्त होते ही वार्ड 17 में समर्थकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, अबीर-गुलाल और मिठाइयों के साथ समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया तथा नीतू शर्मा को फूल-मालाओं से लादकर उनका स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में विजय रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाता शामिल हुए।
अपनी जीत के बाद नीतू शर्मा ने भावुक शब्दों में वार्ड की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि वार्ड 17 के प्रत्येक नागरिक की जीत है। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में जिन विकास योजनाओं की शुरुआत की गई थी, उन्हें और अधिक गति दी जाएगी तथा जो कार्य किसी कारणवश अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
नीतू शर्मा ने यह भी आश्वासन दिया कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों को हर हाल में धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें पुनः सेवा का अवसर दिया है, उस भरोसे को कायम रखना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विपक्षी प्रत्याशी और उनके समर्थकों का भी सम्मान करते हुए कहा कि अब समय चुनावी प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि मिलकर वार्ड के समग्र विकास का है। इस जीत के साथ वार्ड 17 में राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा मिली है और आने वाले दिनों में क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नई ऊर्जा देखने की उम्मीद जताई जा रही है।

