एनसीपी की बैठक में नागरिक सुविधाओं पर चिंता, जमशेदपुर में पेड पार्किंग व्यवस्था लागू करने की मांग तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
एनसीपी पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों की एक बैठक बिष्टुपुर में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव (नगर निकाय) डॉ. पवन पांडेय उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि जमशेदपुर की जनता की बढ़ती समस्याओं को लेकर एनसीपी को अब आंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शहर की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन उसी अनुपात में नागरिक सुविधाओं का विस्तार नहीं हो पा रहा है।
सड़कों पर गड्ढों की संख्या बढ़ने, जाम की समस्या, और सड़क दुर्घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी पर उन्होंने गंभीर चिंता जताई। डॉ. पांडेय के अनुसार, यातायात व्यवस्था में पुलिसकर्मियों की संख्या भी जरूरत से काफी कम है, जिससे नियंत्रण में कठिनाई हो रही है।
उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं होटलों में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं, जिससे भारी जाम की स्थिति बन जाती है। इसका प्रमुख उदाहरण उन्होंने जुगसलाई घोड़ा चौक से रेलवे स्टेशन रोड और साकची बाजार को बताया।
डॉ. पांडेय ने मांग की कि जमशेदपुर में भी राउरकेला मॉडल पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए अलग से पेड पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए, ताकि दुकानों और होटलों के सामने अनियमित पार्किंग रोकी जा सके और जाम की समस्या से निजात मिले।
बैठक में जितेंद्र मिश्रा, सौरव ओझा, अनवर हुसैन, तेजपाल सिंह टोनी, ललित ढिंगरा और मोहम्मद रिजवान मुख्य रूप से उपस्थित थे।

