जेएनएसी में ‘नमस्ते दिवस’ का आयोजन, स्वच्छता कर्मियों को किया गया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) में मंगलवार को ‘ नमस्ते दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को बढ़ावा देना तथा मशीनीकृत स्वच्छता व्यवस्था को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया और उन्हें पीपीई किट के उपयोग व सुरक्षित कार्य पद्धतियों की जानकारी दी गई। कर्मियों को सुरक्षा एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया।
नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मैनुअल सफाई को पूरी तरह समाप्त कर मशीनीकृत सफाई व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा सभी कर्मियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।

