16 जुलाई को निकलेगी इस्कॉन की भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा, तैयारियां पूरी, हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर, : इस्कॉन जमशेदपुर के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा 16 जुलाई, गुरुवार को पूरे धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव के साथ निकाली जाएगी। रथ यात्रा को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
रथ यात्रा दोपहर 2:30 बजे बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी। करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी यात्रा गोपाल मैदान, जुस्को गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम और साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए शाम लगभग 7:30 बजे साकची वाहन पड़ाव पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु “हरे कृष्ण, हरे राम” महामंत्र का संकीर्तन करते हुए रथ के साथ चलेंगे। विभिन्न स्थानों पर आरती, पूजा-अर्चना और महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।
इस वर्ष भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के लिए तीन भव्य रथ तैयार किए गए हैं, जिन्हें आकर्षक फूलों, ध्वजों और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया है। इस्कॉन जमशेदपुर के प्रमुख एवं वरिष्ठ आचार्य स्वामी पद्मनाभ जगन्नाथ दास के मार्गदर्शन में पिछले एक महीने से आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।
रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिर में प्रेसवार्ता एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें बताया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए करीब एक हजार स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। यातायात नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं और रथ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
इस आयोजन में शहर के कई सामाजिक, धार्मिक और सेवा संगठन भी सहयोग करेंगे। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर जलपान, शीतल पेय, महाप्रसाद और प्राथमिक चिकित्सा के लिए सेवा शिविर लगाए जाएंगे। मारवाड़ी युवा मंच की विभिन्न शाखाओं, लायंस क्लब, जेसीआई, रॉबिन हुड आर्मी, ग्रीन कैप्स फाउंडेशन, ब्लड वॉरियर्स, द वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी, साइलेंट टेल्स एनजीओ सहित अनेक संस्थाएं सेवा कार्य में भाग लेंगी।
प्रेसवार्ता में स्वामी पद्मनाभ जगन्नाथ दास ने कहा कि जगन्नाथ रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अनुशासन और सौहार्द के साथ यात्रा को सफल बनाने की अपील की।

