नगरपालिका चुनाव–2026: नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन महापौर व अध्यक्ष पद के लिए प्रपत्रों की खरीद, वार्डों में भी बढ़ी सक्रियता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन विभिन्न नगर निकायों में अभ्यर्थियों की सक्रियता देखी गई। मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए तीन तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 57 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे। जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए एक और वार्ड सदस्य पद के लिए 25 अभ्यर्थियों ने प्रपत्र खरीदा, जबकि चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए एक तथा वार्ड सदस्य पद के लिए नौ अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र लिया।
मानगो नगर निगम के महापौर पद के लिए प्रपत्र खरीदने वालों में सुशीला सिंह, सोना मोनी सोरेन एवं प्रतीभा रानी शामिल हैं। जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए प्रभा पाडिया तथा चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सोमबारी सोरेन ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा।
अब तक मानगो नगर निगम में महापौर पद हेतु 20 तथा 36 वार्डों के लिए कुल 354 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे हैं। वहीं जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु 14 तथा 22 वार्डों के लिए 123, जबकि चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद हेतु 5 एवं 12 वार्डों के लिए 45 अभ्यर्थियों द्वारा प्रपत्र खरीदे जा चुके हैं।
चौथे दिन मानगो नगर निगम के महापौर पद के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ, जबकि विभिन्न वार्डों से कुल 13 अभ्यर्थियों ने वार्ड सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र जमा किया। जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए एक प्रत्याशी सहित छह वार्ड सदस्य अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। वहीं चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए एक तथा सात वार्ड सदस्य अभ्यर्थियों ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।


