पाकुड़ रेलवे मैदान में सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आगाज़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पाकुड़। सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ रेलवे मैदान में सैकड़ों युवाओं और खेल प्रेमियों की मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मैच जिला वॉलीबॉल संघ और लुतफल वॉरियर्स के बीच खेला गया। अतिथियों ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने कहा कि खेल न केवल शरीर को तंदुरुस्त रखते हैं, बल्कि अनुशासन और ऊर्जा भी प्रदान करते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने इसे “स्वस्थ भारत से विकसित भारत” का आंदोलन बताया। महोत्सव में जिले के विभिन्न प्रखंडों और स्कूल-कॉलेजों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया।

