
नई दिल्ली। देश में पांच राज्यों में चल रहे चुनाव के मद्देनजर नकदी का काफी प्रचलन हो रहा है। चुनाव आयोग ने इन सभी चुनावी राज्यों से हजारों करोड़ रुपए की जब्ती की है। इस सूची में पंजाब सबसे ऊपर है, जहां से 510.91 करोड़ रुपए जब्त किए गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा विधानसभा चुनावों के दौरान 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जब्त की गई है। प्रवर्तन एजेंसियों की सक्रिय भागीदारी के कारण उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनाव 2022 में जब्ती का आकंड़ा 1000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। आशंका है कि आने वाले दिनों में और रकम पकड़ी जा सकती है।

