जमशेदपुर में धीमी योजनाओं पर भड़के विधायक सरयू राय, अधिकारियों पर कसा शिकंजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। योजनाओं के सुस्त कार्यान्वयन और अधिकारियों के उदासीन रवैये को लेकर जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने तीखी नाराज़गी जताई है। विधानसभा चुनाव परिणाम के एक वर्ष पूर्ण होने पर अपने बिष्टुपुर स्थित आवास/कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने साफ कहा कि इस वर्ष जनसुविधाओं को समय पर पूरा कराने के लिए अधिकारियों पर कड़ा दबाव बनाया जाएगा।
सरयू राय ने कहा कि पिछले एक साल में कई कार्य हुए, लेकिन प्रशासन से सहयोग लेने में काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कदमा का कन्वेंशन सेंटर जनवरी से लंबित है। डीएम लाइब्रेरी का नया भवन तैयार होने के बावजूद लाइब्रेरी अब तक चालू नहीं हो पाई है। बालीगुमा टंकी तक आज तक पानी की आपूर्ति नहीं पहुंची है।
उन्होंने कहा कि कई ऐसे कार्य हैं, जो अब तक पूर्ण हो जाने चाहिए थे, लेकिन प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण लंबित पड़े हैं। राय ने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े कामों में अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागीय अधिकारियों से जवाबदेही सुनिश्चित कराई जाएगी।

