मानगो और अक्षेस की समस्याओं पर विधायक सरयू राय ने जताई चिंता, अवैध गतिविधियों की सूची सौंपी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र (अक्षेस) की पेयजल, कचरा निस्तारण और जल निकासी जैसी गंभीर समस्याओं पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से विमर्श किया। बैठक में मानगो नगर निगम, अक्षेस के उप नगर आयुक्त और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता मौजूद थे।

उपायुक्त ने एक माह के भीतर इन समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया और मानगो पेयजल परियोजना के संचालन, भुगतान, पंप सेट खरीद, पाइपलाइन मरम्मत और प्रतिवेदन तैयार करने के आदेश दिए। अक्षेस क्षेत्र की बस्तियों के सीवरेज-ड्रेनेज को टाटा स्टील के सिस्टम से जोड़ने के लिए संयुक्त बैठक और सर्वेक्षण कराने को भी कहा गया।

विधायक राय ने कदमा और सोनारी क्षेत्रों में अवैध लॉटरी, मटका, जुआ, लोहा टाल, बालू निकासी और सामुदायिक भवनों पर अवैध कब्जे की सूची सौंपते हुए तत्काल रोक की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत के बिना बालू की अवैध निकासी संभव नहीं है।

उपायुक्त ने सभी मामलों में कार्रवाई का भरोसा देते हुए पुलिस की भूमिका की जांच कराने का आदेश दिया।


