मीडिया कप क्रिकेट का आगाज, हुडको एकादश ने डिमना एकादश को आठ विकेट से हराया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।कीनन स्टेडियम में सोमवार से मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में हुडको एकादश ने डिमना एकादश को आठ विकेट से पराजित कर शानदार आगाज किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डिमना एकादश ने निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। टीम की ओर से अमजद ने 21 गेंदों पर 32 रन और शेखर ने 29 गेंदों पर 22 रन की उपयोगी पारी खेली। हुडको एकादश की ओर से गेंदबाजी में जीतेंद्र और रंधीर को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हुडको एकादश ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 13.2 ओवर में दो विकेट खोकर 113 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। राघवेंद्र ने 38 गेंदों पर शानदार 42 रन बनाए, जबकि जीतेंद्र ने 22 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। डिमना एकादश की ओर से राज प्रसाद और सुरेंद्र को एक-एक विकेट मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राघवेंद्र को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें टाटा स्टील के वीपी-सीएस डी.बी. सुंदर रामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक सरयू राय, शेखर डे तथा टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में डी.बी. सुंदर रामम ने कहा कि खेल भावना से ही खेल को आगे बढ़ाया जा सकता है। विधायक सरयू राय ने पत्रकारों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी मेल-जोल और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। शेखर डे ने खेल प्रतियोगिताओं को आत्मविश्वास और भाईचारे का माध्यम बताया, जबकि अतुल भटनागर ने भी मीडिया कप के आयोजन की प्रशंसा की।
समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव विनय पूर्ति और कोषाध्यक्ष अजय महतो ने अतिथियों को पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर टाटा स्टील खेल विभाग के प्रमुख मनीष सिन्हा, कृपाल सिंह, संजय कुमार मिश्रा, सतीश सिंह, दैनिक भास्कर के संपादक कुमार भवानंद, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा, चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय, आनंद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन न्यू इस्पात मेल के संपादक बृजभूषण सिंह ने किया। अतिथियों ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच के शुभारंभ की घोषणा की।


