मानगो में मेयर सुधा गुप्ता का भव्य विजय जुलूस, समर्थकों में उत्साह
ऐतिहासिक जीत के बाद बोलीं सुधा गुप्ता “मानगो की जनता मेरी ताकत, पानी और सफाई मेरी पहली प्राथमिकता”
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:मानगो नगर निगम क्षेत्र में आज जश्न का माहौल देखने को मिला। नव-निर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता की ऐतिहासिक जीत के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। जीत की खुशी में पूरे मानगो क्षेत्र में भव्य विजय जुलूस निकाला गया।

विजय जुलूस के दौरान मेयर सुधा गुप्ता खुले जीप में खड़ी होकर मानगोवासियों का अभिवादन करती रहीं। सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने नारेबाजी और फूल बरसाकर उनका जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह जीत मानगो की जनता के विश्वास और विकास की उम्मीदों की जीत है। वहीं मेयर सुधा गुप्ता ने भी जनता का आभार व्यक्त करते हुए मानगो के सर्वांगीण विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और पारदर्शी प्रशासन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

ऐतिहासिक जीत के बाद बोलीं सुधा गुप्ता “मानगो की जनता मेरी ताकत, पानी और सफाई मेरी पहली प्राथमिकता”
मानगो मेयर चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नव-निर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता ने भावुक अंदाज में जनता, कार्यकर्ताओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि मानगो की हर उस जनता की है जिसने उन पर भरोसा जताया। “मुझे मानगो की जनता से भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिला है, इसके लिए मैं दिल से धन्यवाद देती हूँ,” उन्होंने कहा। सुधा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता मानगो की सबसे बड़ी समस्या पेयजल संकट का समाधान करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गर्मी के मौसम में किसी भी परिवार को पानी की किल्लत का सामना नहीं करने दिया जाएगा। इसके साथ ही सड़कों पर फैले कचरे के अंबार, गंदी नालियों और खराब स्ट्रीट लाइट की समस्याओं को तत्काल प्रभाव से दूर करना उनकी प्राथमिकता सूची में शामिल है। महिलाओं की सुरक्षा और रोजगार सृजन को लेकर भी उन्होंने ठोस योजना बनाने की बात कही। “मैं एक शिक्षित, स्वच्छ और नशामुक्त मानगो बनाना चाहती हूँ,” उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा। पिछले 30 वर्षों के सामाजिक और राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि संघर्ष के दिनों से लेकर आज तक उन्होंने जनता के बीच रहकर हर समस्या को करीब से देखा है, इसलिए वे क्षेत्र की आवश्यकताओं से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में उनकी असली ताकत जनता और कार्यकर्ता रहे। साथ ही परिवार के सहयोग, विशेषकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रहे उनके पति के मार्गदर्शन को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। “मैं मेयर नहीं, मानगो की सेवक बनकर काम करूंगी,” उन्होंने स्पष्ट किया। सुधा गुप्ता ने कहा कि उनकी विचारधारा हमेशा जनसेवा पर आधारित रही है और सड़क, पानी, बिजली, सफाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना ही उनकी वचनबद्धता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पद या सत्ता के अहंकार से दूर रहकर पूरी निष्ठा के साथ मानगो की जनता के सपनों को साकार करने का प्रयास करेंगी।

