तारापद महतो हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, उलीडीह से हथियार व बाइक बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले अंतर्गत गालूडीह थाना क्षेत्र की उलदा पंचायत की उप मुखिया शा रानी महतो के पति एवं प्रज्ञा केंद्र संचालक तारापद महतो की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू दुबे को उलीडीह से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्तौल, तीन जिंदा गोली तथा लाल-काले रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तारापद महतो हत्याकांड में अब तक तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि इससे पहले दो आरोपियों को एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
ग्रामीण एसपी ने जानकारी दी कि मुख्य आरोपी की मौजूदगी उलीडीह थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान आरोपी को उसके ससुराल, उलीडीह से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद जमीन को लेकर था, जिसके कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर मामले का पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।

