भोपाल. मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी दौरौं का दौर शुरू हो गया है. बीते दिनों कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जबलपुर में सभा की थी. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 27 जून को मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे है. यहां वे प्रदेस की दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, संभवत: यह वंदे भारत ट्रेन जबलपुर, भोपाल व इंदौर के बीच चलेगी. बता दें पीएम मोदी 25 जून को अमेरिका से लौटने के बाद राजधानी भोपाल आएंगे. यहां पीएम प्रदेश की जनता को कई सौगात देने जा रहे हैं. ये जानकारी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दी.
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जानकारी देते हए बताया कि बीजेपी और प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है. पीएम मोदी 27 जून को भोपाल आ रहे हैं. वे यहां देशभर के 10 लाख बूथों पर संबोधित करेंगे. जिसमें एमपी के 65 हजार 100 बूथ भी शामिल है. इसके लिए जल्द ही सभा स्थल के लिए स्थान चयन किया जा रहा है.
इसके अलावा पीएम मोदी मध्य प्रदेश को दूसरी वंदे भारत का सौगात देंगे. पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके अलावा पीएम मोदी से रोड शो की अनुमति मांगी गई है. हितग्राही पीएम मोदी का धन्यवाद देने के लिए तैयार हैं. प्रधानमंत्री धार से भोपाल आएंगे. धार में पीएम मोदी सिकल सेल एनीमिया के कार्यक्रम में शामिल होंगे.

