लायंस इंटरनेशनल का ‘शी शक्ति–वीमेन एम्पावरमेंट’ कार्यक्रम आयोजित, 21 बेटियों की शिक्षा का संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322ए के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूनाइटेड क्लब के ग्रैंड हॉल में “शी शक्ति–वीमेन एम्पावरमेंट एवं वीमेन्स सिम्पोजियम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति का सम्मान करना और जरूरतमंद बेटियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन संजय कुमार और सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन कंचन कुमार साहू ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर “ए प्रॉमिस टू 21 ड्रीम्स – बिकॉज एवरी डॉटर डिजर्व्स अ चांस टू लर्न” शिक्षा परियोजना की शुरुआत की गई, जिसके तहत 21 जरूरतमंद बेटियों की संपूर्ण शिक्षा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में आयोजित महिला संगोष्ठी में पद्मश्री यमुना टुडू, प्रेमलता अग्रवाल, सुचित्रा सिन्हा, डॉ. बच्चू मास्टर और तरुणा मिश्रा ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा महिला लीडर्स द्वारा रैम्प वॉक भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में पीडीजी नलिनी मुखर्जी, सीमा बाजपेयी, पवन गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन सारिका सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मंजू रानी सिंह ने दिया।

