खगड़िया में आकाशीय बिजली का कहर, पिता-पुत्र समेत 5 की मौत, तीन घायल
राष्ट्र संवाद संवादाता
खगड़िया: जिले में गुरुवार को हुई तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अलग-अलग घटनाओं में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा जिले के पौरा सहायक थाना और बेलदौर थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि किसान खेतों में मक्का की फसल की कटनी करा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक पिता और उनका पुत्र भी शामिल हैं। वहीं, तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह से ही खगड़िया जिले में झमाझम बारिश हो रही है।
घटना के बाद दोनों थाना क्षेत्रों में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

