मानगो चौक में गांव-देहात से रोज काम की तलाश में मानगो पहुंचते हैं मजदूर, सुविधाओं को लेकर बिदू चंदन ट्रस्ट ने मेयर सुधा गुप्ता को सौंपा आवेदन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर , 12 सितंबर 2026: गांव-देहात से बड़ी संख्या में मजदूर हर सुबह काम की तलाश में मानगो पहुंचते हैं। इन मजदूरों की बुनियादी सुविधाओं और उनके अधिकारों को लेकर बिदू चंदन ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने आज मानगो की मेयर सुधा गुप्ता से मुलाकात कर एक आवेदन सौंपा।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि मजदूरों के हित में संस्था लगातार काम कर रही है। मजदूरों को उनके अधिकारों और श्रम कानूनों की जानकारी, लेबर कार्ड, स्वास्थ्य कार्ड तथा मजदूरों के लिए उपलब्ध अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक एवं सहयोग करने का प्रयास किया जाता है।
ट्रस्ट ने कहा कि जिन स्थानों पर गांव-देहात से मजदूर रोज सुबह काम की तलाश में पहुंचते हैं, वहां उनके लिए शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। साथ ही मजदूरों से बातचीत करने, उनकी समस्याएं सुनने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए ट्रस्ट के पास कोई निर्धारित स्थान नहीं है।
प्रतिनिधियों ने मेयर से मांग की कि मानगो नगर निगम की ओर से मजदूरों के आने-जाने वाले किसी उपयुक्त स्थान पर ट्रस्ट के लिए एक जगह सुनिश्चित की जाए, ताकि वहां मजदूरों के हित में नियमित रूप से जागरूकता एवं सहायता संबंधी कार्य किए जा सकें।
मेयर सुधा गुप्ता ने ट्रस्ट के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि आवेदन में की गई मांगों पर समुचित कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा।
ट्रस्ट ने उम्मीद जताई कि नगर निगम की ओर से मजदूरों की बुनियादी सुविधाओं और उनके अधिकारों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक पहल की जाएगी।
मुलाक़ात करने वालों में ट्रस्ट के शिवानी मार्डी, मैय्या सोरेन, सिमोती बेसरा, मोहिनी सोरेन, सुनील हेब्रम, दीपक रंजीत चमन सिंह उपस्थित थे.

