पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के आग्रह पर टीएमएच ने माफ़ किया 2.29 लाख का अस्पताल बिल, परिजनों को मिला पार्थिव शरीर
● परिजनों और सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा ने पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और भाजपा जिलाध्यक्ष गुँजन यादव का जताया आभार
सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा जमशेदपुर के सदस्य उमेश पांडेय की धर्मपत्नी श्रीमती शोभा देवी का विगत तीन दिन पूर्व (28 अगस्त) को टीएमएच अस्पताल में ईलाज के क्रम में आकस्मिक निधन हो गया था। वे बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहीं थी। दिवंगत शोभा देवी के चिकित्सकीय शुल्क अत्यधिक होने के कारण परिजन भुगतान करने में सक्षम नहीं थे। इस आशय की जानकारी मिलने पर सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा जमशेदपुर के सचिव रविन्द्र मिश्र ने जमशेदपुर महानगर भाजपा जिला अध्यक्ष गुँजन यादव से सहायता हेतु संपर्क किया। भाजपा जिलाध्यक्ष के निवेदन पर संज्ञान लेते हुए पूर्व विधायक सह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने मामले की संवेदनशीलता के मद्देनजर तत्काल पहल सुनिश्चित किया। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप करते हुए टाटा मुख्य अस्पताल प्रबंधन से परिजनों की वित्तीय स्थिति के आलोक में इलाज के बकाये राशि 2.29 लाख रुपये पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आग्रह किया। रविवार को अस्पताल प्रबंधन ने बकाये राशि माफ़ करते हुए परिजनों को पार्थिव शरीर सुपुर्द किया। जमशेदपुर सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा और उमेश कुमार पांडेय के पूरे परिवार ने भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी सहित जिलाध्यक्ष गुंजन यादव के प्रति कृतज्ञता ज़ाहिर किया है। ब्राह्मण महासभा के सचिव रविंद्र मिश्रा ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में मानवीय संवेदना के साथ प्राथमिकता सहित साथ देने के लिए उनका परिवार इन दोनों के प्रति सर्वदा आभरी रहेगा।