कुंडहित में केसीसी कैंप आयोजित, 191 किसानों ने किया आवेदन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बुधवार को कुंडहित प्रखंड मुख्यालय में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि शरम मंडल, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कैंप का उद्देश्य खरीफ मौसम को देखते हुए ऐसे किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना से जोड़ना था, जो अब तक इस सुविधा से वंचित हैं। शिविर में किसानों को योजना की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही आवेदन पत्र भरवाकर संबंधित बैंकों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा गया।
कार्यक्रम में किसानों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। कैंप के दौरान कुल 191 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने बताया कि इन आवेदनों के निष्पादन के बाद पात्र किसानों को शीघ्र ही योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें खेती-किसानी के लिए समय पर ऋण सुविधा मिल सकेगी।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे किसान कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन जुटा सकते हैं।
कार्यक्रम में बीएओ मनोरंजन मिर्धा, बीटीएम सुजीत कुमार सिंह, एटीएम अमीर हेंब्रम, प्रखंड के प्रगतिशील किसान, किसान मित्र, विभिन्न पंचायतों के मुखिया तथा प्रखंड स्तरीय कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

