जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगढ़ी गांव और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया के समीप छापेमारी कर यह सफलता हासिल की।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व साइबर थाना के पुनि मो. फारूक ने किया। कार्रवाई के दौरान गुलाम मुहम्मद और मो. मकबूल अंसारी को साइबर अपराध करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गेमिंग ऐप के ग्राहकों को कॉल कर रिचार्ज कराने के नाम पर ठगी करते थे। इसके अलावा विभिन्न बैंकों की फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर लोगों के खातों से पैसे उड़ाते थे।
आरोपी जियो कस्टमर केयर अधिकारी बनकर केवाईसी अपडेट कराने के बहाने लोगों की गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है।
छापेमारी दल में साइबर थाना के अधिकारी और पुलिस बल के जवान शामिल थे।

