कंगना रनौत का बयान किसानों को अपमानित करने वाला और उनका मनोबल तोड़ने वाला : आनंद बिहारी दुबे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने भाजपा सांसद कंगना रानौत के हालिया बयान की तीव्र निंदा की है। जिसमें सांसद कंगना रनौत ने कहा है कि किसानों के आंदोलन में बलात्कार, हिंसा और लोगों को मार कर लाशें टांगने का काम हुआ है।
कंगना रनौत का उक्त बयान किसानों को अपमानित करने वाला और उनका मनोबल तोड़ने वाला बयान है। जिसकी जितनी भ्रत्सना की जाय कम है। भाजपा सांसद का यह बयान भाजपा की किसान विरोधी नीतियों और उनकी कुंठित मानसिकता को दर्शाता है, और तो और उक्त सांसद का आगे का वक्तव्य और भी आपत्तिजनक है।
जिसमें उन्होंने कहा कि अगर हमारे देश की स्थिति बांग्लादेश जैसी होती तो यहां गृह युद्ध हो जाता। क्या हमारा देश इतना कमजोर हो गया है? भाजपा सांसद का यह बयान यह दर्शाता है कि भाजपा के अंदर खाने के मेज में जिस तरह की चर्चाएं होती हैं, वही संकीर्ण और कुंठित विचार इनका बाहर भी निकलता है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद विहार दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष से ऐसी किसान विरोधी सांसद की अविलंब लोकसभा सदस्यता निरस्त करने की मांग की और संवैधानिक नियमों के अनुसार सजा देने की भी मांग की।