दुलाल भुईयां के अभद्र बयान की JMM ने की कड़ी निंदा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर लगाए गए आरोपों को बताया आधारहीन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला संपर्क कार्यालय में आज आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य मोहन कर्मकार ने पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा की कड़ी निंदा की।
मोहन कर्मकार ने कहा कि दुलाल भुईयां को अपने पिछले राजनीतिक जीवन पर स्वयं विचार करना चाहिए। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने ही उन्हें तीन बार विधायक और दो बार कैबिनेट मंत्री बनने का अवसर दिया था, यह किसी से छिपा नहीं है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री पर इस तरह के अनर्गल आरोप लगाना राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा किया गया है, वह हाईकोर्ट के निर्देश पर की गई थी। बार-बार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण आवश्यक था, जिसका पालन जिला प्रशासन ने किया। इसमें मुख्यमंत्री पर सीधे आरोप लगाने का कोई औचित्य नहीं है।
मोहन कर्मकार ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा सदैव जनकल्याण और विकास की राजनीति करती है। प्रधानमंत्री आवास बंद होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आबुआ आवास योजना शुरू कर गरीबों को आश्रय देने का कार्य किया है। पार्टी ने जमशेदपुर में अनेक बस्तियों को बसाने और लोगों को बसाने का कार्य किया है, न कि उजाड़ने का।
सम्मेलन में बाघराय मार्डी ने दुलाल भुईयां के बयानों को निराधार बताते हुए कहा कि जुगसलाई की जनता पहले ही उन्हें उनके बड़बोलेपन के कारण नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि “डूबते सूरज” जैसी राजनीति करने वालों का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता।
वहीं प्रमोद लाल ने दुलाल भुईयां को “भस्मासुर” करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब दुलाल भुईयां भूमि राजस्व मंत्री थे, तब उन्होंने संबंधित बस्ती को लीज से बाहर क्यों नहीं किया? बिष्टुपुर स्थित PM मॉल के मालिक से मिलीभगत कर उन्होंने मॉल की जमीन को लीज से मुक्त करवाया, जबकि पास में स्थित टाटा स्टील के मॉल को सरकारी पेचीदगियों में फंसा दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री रहते हुए उन्होंने बस्तीवासियों का शोषण किया—खुद के घर में टिस्को का पानी और बिजली लेते रहे, जबकि बस्ती के लोगों को DVC लाइन और खराब पेयजल व्यवस्था दी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा नेताओं ने कहा कि पार्टी और जनता के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ झूठे, भ्रामक और अभद्र बयानों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

