झारखंड मुक्ति मोर्चा का 13वां महाधिवेशन आज से शुरू, कई अहम प्रस्तावों पर होगी चर्चा
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का दो दिवसीय 13वां महाधिवेशन आज (14 अप्रैल) से राजधानी रांची में शुरू हो रहा है। यह आयोजन खेलगांव स्थित हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है, जो 15 अप्रैल तक चलेगा।
महाधिवेशन के दौरान करीब 4,000 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अधिवेशन में कई अहम राजनीतिक प्रस्ताव पेश किए जाएंगे, जिनमें वक़्फ़ कानून का विरोध, कल्पना सोरेन को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपने और झारखंड मुक्ति मोर्चा को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने जैसे विषय शामिल हैं।
इसके साथ ही आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जा सकते हैं। राजधानी रांची महाधिवेशन के बैनरों, पोस्टरों और झामुमो के झंडों से सजी हुई है, जिससे पूरे शहर में एक राजनीतिक उत्सव का माहौल बन गया है। महाधिवेशन को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।