शिक्षामंत्री रामदास सोरेन के निधन से झारखंड ने खोया एक संघर्षशील नेता : मुख्यमंत्री

राष्ट्र संवाद संवाददाता
नेमरा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिक्षामंत्री रामदास सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पहले बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन का सशरीर साथ छूटा और अब रामदास दा भी हमारे बीच नहीं रहे। यह पल मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज झारखंड के नौनिहाल भी उदास होंगे कि उनके शिक्षा मंत्री और चाचा अब इस दुनिया में नहीं रहे। रामदास दा झामुमो परिवार के एक मजबूत स्तंभ थे, जिन्होंने अपना जीवन घाटशिला समेत पूरे राज्य की जनता को समर्पित किया। अलग राज्य आंदोलन में उनकी अग्रणी और क्रांतिकारी भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रामदास दा का व्यक्तित्व सौम्य और सरल था। वे शोषित-वंचित समाज के अधिकारों के लिए आजीवन चिंतित और संघर्षरत रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका महान व्यक्तित्व राज्यवासियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति मिले।

