जमशेदपुर में शुरू हुई झारखंड-दिल्ली के बीच दृष्टिबाधित क्रिकेट श्रृंखला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड झारखंड के तत्वावधान में झारखंड और दिल्ली की टीमों के बीच तीन दिवसीय दृष्टिबाधित टी-20 क्रिकेट श्रृंखला का शुभारंभ शनिवार को टेल्को स्थित टाटा मोटर्स क्रिकेट ग्राउंड में हुआ। उद्घाटन पूर्व विधायक कुणाल सारंगी ने किया।
विशिष्ट अतिथि श्याम कुमार शर्मा और राजकुमार सिंह ने उद्घाटन स्ट्रोक खेलकर प्रतियोगिता का आरंभ किया। खराब मौसम से मैदान प्रभावित रहा, जिसके कारण उद्घाटन दिवस पर संयुक्त 5 ओवर का दोस्ताना मैच खेला गया। इसमें झारखंड ने 44 रन बनाए जबकि दिल्ली ने लक्ष्य का पीछा कर जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि कुणाल सारंगी ने भी ब्लाइंड क्रिकेट खेलकर अनुभव साझा किया और खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने आयोजन समिति व खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
श्रृंखला में मेजबान झारखंड व दिल्ली की दो-दो टीमें और 10 तकनीकी अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। अगले दो मैच 5 अक्टूबर को और फाइनल 6 अक्टूबर को खेला जाएगा।

