जुगसलाई में दूषित पेयजल की शिकायत, दो क्षतिग्रस्त जल टैंकों की मरम्मत की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जुगसलाई में गंदे पानी की आपूर्ति और जल टैंकों की बदहाली को लेकर नीलोफर हुसैन ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पानी की टीडीएस, पीएच और बैक्टीरिया समेत अन्य हानिकारक तत्वों की जांच कराने तथा रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
शिकायत के अनुसार, नगर परिषद के पास स्थित करीब एक लाख गैलन क्षमता वाले जल टैंक में फिल्टर की दरारों और कम प्रेशर के कारण तेल गली, पल गली, राजाराम बाड़ी, गरीब कॉलोनी, पीबी रोड, पहलवान डेरा और मछली मोहल्ला में जलापूर्ति प्रभावित है। वहीं, एमई स्कूल रोड कंपाउंड का एक अन्य टैंक आठ महीने से अधिक समय से क्षतिग्रस्त पड़ा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
नीलोफर हुसैन ने दोनों टैंकों की तकनीकी जांच, मरम्मत, नियमित जलापूर्ति और निर्माण गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने जनस्वास्थ्य को देखते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करने की अपील की।

