भारतीय टीम ने एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी से एशिया कप विजेता ट्रॉफी लेने से इनकार किया
दुबई, 28 सितंबर (भाषा ) भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी से एशिया कप विजेता की ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया ।
भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप जीता है ।
फाइनल से पहले ही अटकलें लगाई जा रही थी कि भारतीय खिलाड़ी जीतने पर नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे । नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और अपने देश के गृहमंत्री भी हैं और भारत विरोधी रवैये के लिये जाने जाते हैं ।
एसीसी अध्यक्ष होने के नाते उन्हें विजयी टीम को ट्रॉफी देनी है और दोनों टीमों से हाथ भी मिलाना है । भारतीय टीम ने हालांकि पाकिस्तान की ओर से किसी से भी हाथ नहीं मिलाने और मैदान से इतर कोई बातचीत नहीं करने की नीति अपनाई है ।
नकवी ने पिछले दिनों एक्स पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वीडियो डाला था जिसमें वह विमान क्रैश होने का इशारा करते हुए गोल का जश्न मना रहे थे । पाकिस्तान के विवादित तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी भारत के खिलाफ 21 सितंबर को सुपर 4 मैच के दौरान यही भड़काऊ इशारा किया था जिसकी वजह से उन पर जुर्माना लगाया गया था

