समाहरणालय सभागार में “जल महोत्सव पखवाड़ा” का शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल सहिया व मुखिया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर “जल महोत्सव पखवाड़ा” का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान तथा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर व आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने उपस्थित सभी लोगों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने रक्षा, खेल, उद्योग समेत विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
इस दौरान उन्होंने बताया कि “जल महोत्सव पखवाड़ा” का आयोजन 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा। भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला, प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर पर तिथिवार विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया और जल सहिया को सम्मानित किया गया। साथ ही बताया गया कि 22 मार्च 2026 को उपायुक्त द्वारा भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल सहिया और मुखिया को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर और आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड वाश समन्वयक, विभिन्न पंचायतों के मुखिया तथा जल सहिया उपस्थित थे।

