श्रावणी मेला 2026: तैयारियां अंतिम चरण में, डीसी-एसपी ने किया कांवरिया पथ का संयुक्त निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवादाता
देवघर में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने अधिकारियों के साथ कांवरिया पथ का संयुक्त निरीक्षण किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, विश्राम स्थल, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन और साफ-सफाई की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी कार्य समय पर पूरा करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ पर करीब 10 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी, कंट्रोल रूम, क्विक रिस्पॉन्स टीम और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष लाखों शिवभक्तों के देवघर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया गया है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

