डिमना से बरसोल तक हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई, 25 वाहनों से ₹2.50 लाख से अधिक जुर्माना वसूला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार जिले में हाईवे पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध जिला परिवहन पदाधिकारी श्री महेश्वरी प्र. यादव के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया। मौके पर सड़क सुरक्षा की टीम मौजूद रही। अभियान के तहत डिमना चौक से बहरागोड़ा स्थित बरसोल थाना तक सड़क के विभिन्न हिस्सों में वाहनों की जांच की गई। इस दौरान हाईवे पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 25 वाहनों से ₹2.50 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
हाईवे पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा हाईवे पर निर्धारित एवं सुरक्षित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने से बचें, ताकि यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।

