“बीच सड़क पर पति की पिटाई, वीडियो वायरल — CHO संचिता दास ने लगाये गंभीर आरोप”
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रघुनाथपुर सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर में घरेलू कलह का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने पति और उसकी दूसरी पत्नी को बीच सड़क पर चप्पल से पीटा। यह घटना राहगीरों के कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

महिला की पहचान खरसावां प्रखंड की बुरुडीह पंचायत में पदस्थापित कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) संचिता दास के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में वह अपने पति जितेंद्र नाथ दास और एक अन्य महिला को पीटती नजर आ रही हैं।

संचिता दास ने नीमडीह थाना में आवेदन देकर पति जितेंद्र के अलावा जेठ उत्तम कुमार दास और ससुर विवेकानंद दास के खिलाफ दहेज की मांग, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, तथा जबरन घर से निकालने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

संचिता का आरोप है कि उसके पति ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली है। इस घटना से स्थानीय लोगों के बीच चर्चा गर्म है और समाज में गहरी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। नीमडीह थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की विधिवत जांच की जा रही है।

