राष्ट्र संवाद । जमशेदपुर
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जमशेदपुर के विभिन्न शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुजन पूरे भक्ति भाव से भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, सुरक्षा एवं मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए भोलेनाथ से प्रार्थना कर रहे हैं।
शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु गंगा जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फल-फूल आदि अर्पित कर भगवान शिव को प्रसन्न करने में लगे हुए हैं। महाशिवरात्रि के इस शुभ दिन पर विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे पूरा माहौल शिवमय हो गया है।
मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस व्यवस्था संभालने में जुटी हुई है ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बताया कि महाशिवरात्रि का व्रत और भगवान शिव की आराधना करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। भगवान शिव की कृपा से सभी बाधाओं का निवारण होता है और इच्छाएं पूर्ण होती हैं। जमशेदपुर के शिव मंदिरों में इस भव्य आयोजन के चलते पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।