बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और असम में लगातार बारिश हो रही है। इससे इन राज्यों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
देशभर में जारी भारी बारिश का दौर थमता नहीं दिख रहा है। कई राज्यों में अब भी बाढ़ के हालात बने हुए हैं। इससे कई लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों में कुछ क्षेत्रों में अत्यंत भारी तो, कुछ में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
महाराष्ट्र में जारी भारी बारिश के बीच कोंकण में भूस्खलन की घटना सामने आई है। बताया कि रेलवे ट्रैक पर मलबा गिरने के कारण ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया। जहां सात ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, तो वहीं रत्नागिरी स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई है। फिलहाल रेलवे ट्रैक से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रत्नागिरी जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, कोल्हापुर, परभणी, हिंगोली, अमरावती, वर्धा और यवतमाल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई, ठाणे, पालघर और धुले के लिए आज येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शाह ने की मुख्यमंत्रियों से बात
इधर, बाढ़ के हालाताें को देखते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात, उत्तर प्रदेश और असम में मुख्यमंत्रियों से बात की और उन्हें केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
दिल्ली में भारी बारिश
इधर, दिल्ली में भी भारी बारिश देखने को मिली है। इससे सिविल लाइंस, पंडित पंत मार्ग और जनपथ क्षेत्र में जलभराव हो गया।
असम में स्थिति गंभीर
असम में बाढ़ के कारण हालत खराब है। बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित है, तो वहीं इससे अब तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है। बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापित किया गया है। राज्य आपदा प्राधिकरण के अनुसार गोवालपाड़ा में नाव पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई। नगर्रा और खन्नौत नदियां इस वक्त उफान पर है।
उत्तर प्रदेश में बाढ़ से हाल बेहाल
उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ का कहर जारी है। बहगुल नदी उफान पर होने के कारण कई गांव जलमग्न हो गए। साथ ही कुछ लोगों की मौत की भी जानकारी सामने आई है। फर्रुखाबाद में रामगंगा और प्रयागराज, वाराणसी मिर्जापुर, कानपुर में गंगा नदी उफान पर हैं। राज्य में बाढ़ से 10 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
बिहार में सैकड़ों गांव जलमग्न
नेपाल में जारी बारिश और कोसी बराज को खोले जाने के बाद बिहार में नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। राज्य में पिछले एक सप्ताह से जारी बारिश के कारण सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए।
उत्तराखंड में कई मार्ग क्षतिग्रस्त
उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है। इससे गोमुख मार्ग कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया। लोगों के गंगोत्री पार्क प्रशासन ने लोगों के गोमुख जाने पर भी रोक लगा दी है।