शंकरदा में लगा जांच शिविर, 204 लोगों की हुई मलेरिया जांच
राष्ट्र संवाद संवाददाता
*पोटका।* जिले में ब्रेन मलेरिया से पांच बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पोटका प्रखंड के शंकरदा पंचायत अंतर्गत सुभाष चबूतरा में एक दिवसीय मलेरिया जांच सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को मलेरिया के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच कराना था। डालसा के पीएलवी चयन कुमार मंडल, मीरा मंडल, ज्योत्सना गोप एवं सुमित कुमार गोप ने ग्रामीणों को प्रेरित करने के लिए खुद मलेरिया जांच कराई।
स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि बुखार आने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। मच्छरदानी का उपयोग, जलजमाव को रोकना और साफ-सफाई पर भी जोर दिया गया।
शिविर में 50 ग्रामीणों एवं 154 स्कूली बच्चों सहित कुल 204 लोगों की मलेरिया जांच की गई। सभी की रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
इस अवसर पर डॉ. उपेंद्र मदीना, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सरिता तिरु, एएनएम सबिता महतो, परी लियांगी, सहिया साथी ममता भक्त सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी उपस्थित थे।

