आशियाना आदित्य सोसाइटी में नवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आशियाना आदित्य सोसाइटी में नवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ माता रानी की प्रतिमा के आगमन के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच देवी माता का विधिवत स्वागत हुआ, और पूरे पंडाल में श्रद्धालुओं ने उल्लास और भक्ति के साथ भाग लिया। संध्या समय मां की आरती और पूजन संपन्न हुआ। षष्ठी के दिन पंडाल में माताजी का पट खोला गया और चरण पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। पूजा का संचालन बंगाल से आए पंडितजी ने किया, जबकि यजमान के रूप में शंकर गुरुनाथन एवं उमेश कुमार सिंह सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। इसके पश्चात संध्या समय माता की चौकी का भव्य आयोजन डॉ. कुंदन कुमार सिंह और डॉ. पूनम कुमार सिंह के सौजन्य से संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में लीन हो गए। सप्तमी से दशमी तक भोग और रात्रि प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण शामिल होंगे। पूरे आयोजन का सफल संचालन आशियाना आदित्य दुर्गा पूजा समिति और इंटरिम समिति के संयुक्त प्रयासों से सुनिश्चित किया गया है।

