गढ़वा : पंडी नदी में वर्षों पूर्व बना पुल का एक पाया ध्वस्त
गढ़वा : जिले के कांडी प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पँचायत के पखनाहा गांव स्थित पंडी नदी में वर्षों पूर्व बना पुल का एक पाया ध्वस्त हो गया। इस पुल से पखनाहा, बलियारी सहित हेठार क्षेत्र के कई गांव के लोगों का आना जाना होता है। उक्त पुल का निर्माण 10 से 12 वर्ष पूर्व विशेष प्रमंडल के द्वारा किया गया था।पिछले दिनों पंडी नदी में आई बाढ़ से पुल का एक पाया का 80 प्रतिशत हिस्सा ध्वस्त हो गया। यह पुल वर्षों से जर्जर स्थिति में था, किन्तु इस पर किसी भी जनप्रतिनिधियों या पदाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट नहीं हुआ।
अब यह पुल पूर्ण रूप से ध्वस्त होने की स्थिति में नजर आ रहा है। इस पुल के माध्यम से दर्जनों गांवों के लोगों का आवगमन होता था, जो अवरुद्ध हो गया। उक्त पुल के पास एक छठ घाट का निर्माण करवाया गया है, जिससे पंडी नदी का तेज बहाव से उक्त पुल का कुछ भाग ध्वस्त हो गया। यदि इस पुल से हो कर अब कोई भी व्यक्ति गुजरता है तो निश्चित रूप से कोई बड़ी घटना घटने की संभावना है।
बारिश का वक्त है, नदी में बाढ़ आने व तेज धारा से अत्यधिक नुकसान पुल को होने की आशंका है, जिससे पुल पूर्ण रूप से ध्वस्त हो कर बह भी सकता है। स्थानीय लोग डरे व सहमे हुए हैं, चुकी बारिश के समय आवागमन करने का मुख्य सहारा यही पुल है। अब लोग चिंतित हैं कि आखिर इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई फरिश्ता कब आएगा और लोग कब तक प्रतीक्षा करें। इस पुल से दर्जनों गांव के लोगों का आवागमन सीधे प्रखण्ड कार्यालय व कांडी मुख्य बाजार तक होता था। अब लोगों का संपर्क टूट सा गया है। इस जर्जर पुल का निर्माण कराने के लिए स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों व वरीय पदाधिकारियों से मांग की है।