आदित्यपुर में गांधी पुण्यतिथि ‘शहादत दिवस’ के रूप में मनाई गई, गांधीजी के आदर्शों पर चलने का आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर। प्रभात नगर विकास समिति की ओर से समिति के कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में वार्ड-17 के भावी पार्षद प्रत्याशी रामचंद्र पासवान, शिक्षाविद् एस. डी. प्रसाद, जवाहर लाल सिंह, कैलाश शाह, विश्वमोहन कुमार, प्रमोद गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि भले ही आज के दौर में गांधीजी के विचारों को तिलांजलि दी जा रही हो, लेकिन पूरी दुनिया उन्हें सत्य, अहिंसा और शांति के प्रतीक के रूप में पूजती है। उन्होंने सभी से गांधीवादी विचारों को अपनाने और गांधीजी द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस मौके पर शिक्षाविद् एस. डी. प्रसाद ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से दोहराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामचंद्र पासवान ने की।

