एक्सएलआरआई ने जारी किए जैट 2026 के कटऑफ, बीएम में पुरुषों के लिए 94 व महिलाओं के लिए 88 पर्सेंटाइल तय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। देश के प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल एक्सएलआरआई–जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने जैट 2026 के परिणामों के बाद अपने प्रमुख पीजीडीएम पाठ्यक्रमों के लिए आधिकारिक इंटरव्यू कटऑफ घोषित कर दिए हैं। संस्थान ने अकादमिक उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित किए हैं।
बिजनेस मैनेजमेंट (बीएम) कार्यक्रम के लिए इंजीनियरिंग और नॉन-इंजीनियरिंग दोनों पृष्ठभूमि के पुरुष उम्मीदवारों के लिए 94 पर्सेंटाइल अनिवार्य रखा गया है, जबकि महिला उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 88 पर्सेंटाइल तय की गई है। थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए भी बीएम में 88 पर्सेंटाइल का कटऑफ निर्धारित किया गया है। बीएम और इंटरनेशनल स्पेशलाइजेशन प्रोग्राम के लिए एक समान कटऑफ लागू होगा और चयन हेतु एकीकृत जीडी-पीआई प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
मानव संसाधन प्रबंधन (एचआरएम) प्रोग्राम में पृष्ठभूमि के आधार पर कटऑफ में लचीलापन रखा गया है। इंजीनियरिंग पुरुषों के लिए 92, नॉन-इंजीनियरिंग पुरुषों के लिए 90, इंजीनियरिंग महिलाओं के लिए 87 और नॉन-इंजीनियरिंग महिलाओं के लिए 84 पर्सेंटाइल तय किया गया है। थर्ड जेंडर के लिए एचआरएम में 87 पर्सेंटाइल निर्धारित है। इस प्रोग्राम में निर्णय क्षमता (डीएम) और भाषाई योग्यता (वीएएलआर) को विशेष महत्व दिया गया है।
एक्सएलआरआई के प्रवेश समन्वयक प्रो. राहुल के. शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष करीब 4,000 से 4,500 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। साक्षात्कार में संवाद कौशल, नैतिक सोच और नेतृत्व क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रटगर्स यूनिवर्सिटी के साथ डबल मास्टर प्रोग्राम के कटऑफ की घोषणा अलग से की जाएगी।
उम्मीदवार अपनी शॉर्टलिस्ट स्थिति और विस्तृत जानकारी एक्सएलआरआई की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

