रिपोर्ट – अमन ओझा( ब्यूरो चीफ, कोल्हान )
सरायकेला-खरसावां जिला स्थित मंगलम सिटी की ओर जाने वाले सर्विस रोड के किनारे बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कचरा चुनकर जीवन यापन करने वाली महिला का आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़िता मोनिका गोप ने बताया कि वह अपने पति के साथ थोड़ी देर के लिए पीने का पानी लाने गई थी। इसी दौरान अज्ञात उपद्रवियों ने उनकी झोपड़ी में आग लगा दी। जब तक वे वापस लौटीं, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और घर का सारा सामान जल चुका था। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी गुड्डू सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। आशंका जताई जा रही है कि असामाजिक तत्व जानबूझकर आगजनी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

