एनएच-33 का काम इसी रफ्तार से चला तो पांच साल में भी नहीं होगा पूरा : सरयू राय
क्रासर: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से करेंगे शिकायत, बोले—जनता का धैर्य जवाब देने लगा है
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो से गुजरने वाले एनएच-33 के निर्माण और करीब सात किलोमीटर लंबे प्रस्तावित फ्लाईओवर के काम में देरी को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों पर लापरवाही और वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।
एनएच-33 का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कहा कि बरसात खत्म हुए 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सड़क के गड्ढे तक नहीं भरे गए हैं। वाहनों के गुजरने से उड़ती धूल लोगों के लिए परेशानी बन गई है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर भी उन्होंने चिंता जताई।
सरयू राय ने बताया कि एक अक्टूबर को बालीगुमा में धरने के बाद अधिकारियों ने दो दिनों में निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन अक्टूबर को महज दो-तीन घंटे काम हुआ और फिर बंद हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निर्माण में कोई बाधा नहीं है, तो काम की रफ्तार इतनी धीमी क्यों है?
उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा गति से सड़क और फ्लाईओवर का काम पूरा होने में पांच साल तक लग सकते हैं। सरयू राय ने कहा कि वह केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सोशल मीडिया के जरिए शिकायत करेंगे। जरूरत पड़ने पर सात से दस दिनों के भीतर दिल्ली जाकर उनसे मुलाकात भी करेंगे। उन्होंने निर्माण में देरी की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

