राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल अनुमंडल के नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन शिवम गुप्ता ने पदभार ग्रहण करने के बाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में निवर्तमान एसडीओ विकास राय को भावभीनी विदाई दी। विकास राय का स्थानांतरण गढ़वा हो गया है।
प्रधान लिपिक प्रदीप महतो की अगुवाई में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विकास राय के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता ने विकास राय को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान चांडिल अंचल अधिकारी प्रदीप महतो के सिमरिया में एसडीओ पद पर पदोन्नति होने पर उन्हें भी बधाई दी गई। निवर्तमान एसडीओ विकास राय और नवपदस्थापित एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता ने संयुक्त रूप से उन्हें पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नीमडीह प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अभिनव, चांडिल बीडीओ तुलेश्वर रोहिदास, अनुमंडल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। इसके अलावा चांडिल अनुमंडल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता असित चक्रवर्ती, ठाकुरदास महतो समेत कई गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए।
विदाई समारोह का माहौल भावुक रहा। उपस्थित लोगों ने विकास राय के प्रशासनिक कार्यों एवं उनके सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना करते हुए उनके सफल भविष्य की कामना की।

