दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न, उपायुक्त ने जताया आभार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर । पूर्वी सिंहभूम जिले में दुर्गा पूजा का समापन पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतिमा विसर्जन सहित सभी कार्यक्रम प्रशासनिक तैयारी और सामुदायिक सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिला एवं पुलिस प्रशासन, पूजा समितियों, केंद्रीय शांति समिति, एडीआरएफ, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स, दंडाधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ आम लोगों, स्वयंसेवकों और मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
पूजा समितियों द्वारा दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और विसर्जन व्यवस्था में सहयोग की विशेष सराहना की गई। सुरक्षा व्यवस्था में एडीआरएफ व सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवानों तथा जिला पुलिस बल की सतर्कता ने अहम योगदान दिया।
उपायुक्त ने कहा कि आपसी सहयोग, अनुशासन और समन्वय ने इस पर्व को शांतिपूर्ण और सफल बनाया, जो जिले की एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।

