मानगो में पुलिस चेकिंग पर टेंपो चालक की पिटाई का आरोप, चालकों ने किया सड़क जाम
जुर्माने को लेकर विवाद, नकद मांगने की शिकायत; अधिकारियों के समझाने पर जाम खुला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस चेकिंग के दौरान एक टेंपो चालक के साथ मारपीट के आरोप ने हंगामा खड़ा कर दिया। जवाहर नगर रोड नंबर-15, नेचर पार्क के समीप हुए इस विवाद के बाद टेंपो चालकों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में एक टेंपो को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में कुछ दस्तावेजों की वैधता समाप्त पाए जाने पर चालक को जुर्माना भरने के लिए कहा गया।
टेंपो चालक का आरोप है कि वह ऑनलाइन माध्यम से जुर्माना जमा करने को तैयार था, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी नकद राशि की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और चालक ने मारपीट का आरोप लगाया। घटना के बाद चालक ने अन्य टेंपो चालकों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में चालक मौके पर पहुंचकर सड़क पर बैठ गए।
प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। काफी देर बाद स्थिति सामान्य हुई।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

