डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक संपन्न, सड़क, जलापूर्ति, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा।।
राष्ट्र संवाद संवादाता
रामगढ़ जिला समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की न्यास परिषद की बैठक संपन्न हुई। बैठक में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विभिन्न पंचायतों के मुखिया और जनप्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों से प्राप्त विकास योजनाओं और प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग रखी।
डीएमएफटी के तहत स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, इको-टूरिज्म, जलापूर्ति, कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन, भौतिक आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में विकास कार्यों को गति देने तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा डीएमएफटी की प्रबंधकीय समिति द्वारा पूर्व में अनुमोदित योजनाओं को न्यास परिषद से स्वीकृति प्रदान करने के लिए चर्चा की गई। इस दौरान सांसद, विधायकगण, उपायुक्त एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं पर अपने सुझाव दिए तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी आवश्यकताओं और मांगों को बैठक के समक्ष रखा। बैठक में उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

