उपायुक्त ने घाटशिला में दुर्गा पूजा पंडाल व विसर्जन घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने घाटशिला प्रखंड के शहरी क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडालों और स्वर्णरेखा नदी के विसर्जन घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडालों में बिजली व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, प्रवेश-निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और पेयजल जैसी सुविधाओं की समीक्षा कर पूजा समितियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगमता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
विसर्जन घाट निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की उपलब्धता, सुरक्षा बलों की तैनाती और प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और राउंड द क्लॉक मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दुर्गा पूजा उत्सव को सौहार्दपूर्ण व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। मौके पर एसडीओ सुनील चंद्र, बीडीओ यूनिका शर्मा और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।


