गढ़वा : भाजपा किसान मोर्चा ने जिला कृषि पदाधिकारी गढ़वा को त्राहिमाम संदेश देकर संपूर्ण जिला को अकाल ग्रस्त क्षेत्र घोषित कर राहत कार्य चलाए जाने की मांग की है। भाजपा किसान मोर्चा के गढ़वा जिलाध्यक्ष रामलाला दुबे व कांडी भाजपा मंडल महामंत्री शशिरंजन दुबे ने गढ़वा जिला कृषि पदाधिकारी को 12 सूत्री मांग पत्र सौंप कर भीषण अकाल की चपेट में आ चुके किसानों के हित में अकाल राहत कार्य चलाए जाने की मांग की है। उन्होंने ऐसी विषम परिस्थितियों के लिए उपाय किए जाने की भी गुहार लगाई है।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने अपने सौंपे ज्ञापन में कहा है कि पूरे गढ़वा जिला को अकाल ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया जाए। किसानों को प्रति एकड़ ₹10000 बतौर मुआवजा भुगतान किया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को तत्काल चालू कराया जाए। पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर किसान क्रेडिट कार्ड के रूप में किसानों को पांच लाख रुपये उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही पुराने ऋण की वसूली पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। वैकल्पिक फसल योजना बनाकर श्री अन्न – मोटे अनाज का बीज किसानों को 100 फीसदी अनुदान पर उपलब्ध कराया जाए। अकाल की विभीषिका के कारण सबसे ज्यादा संकट में मवेशियों की जान है। उनके लिए किसान मोर्चा अध्यक्ष ने पर्याप्त मात्रा में पशु चारा की व्यवस्था किए जाने की जरूरत बताई है। दुग्ध उत्पादक किसानों को प्रति लीटर ₹10 प्रोत्साहन राशि के रूप में दिया जाए।
उन्होंने कहा है कि कृषि कार्य को मनरेगा से जोड़ा जाए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में ई – केवाईसी तथा लैंड सीडिंग के काम में कैंप लगाकर तेजी लाई जाए ताकि किसानों को प्रतिवर्ष मिलने वाला ₹6000 आसानी से मिल सके। खरीफ फसल 2018-19 तथा 2019-20 के लिए किसानों के फसल बीमा के क्लेम का अविलंब भुगतान कराया जाए। वित्तीय वर्ष 2022-23 तथा 2023 -24 के धान अधिप्राप्ति की बकाया राशि का भुगतान किसानों के खाते में किया जाए। किसानों का बिजली बिल माफ किया जाए एवं प्रत्येक किसानों के खेत में ओपन बोर की व्यवस्था करते हुए उसे मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया जाए। उक्त मांगों पर तत्काल प्रभाव से सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए इन्हें पूरी करने की गुहार लगाई गई है। अन्यथा मरता क्या नहीं करता की तर्ज पर भुखमरी के शिकार किसान आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेवारी विभाग एवं सरकार की होगी।
अकाल ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग