सोनारी की समस्याओं पर जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी क्षेत्र की उपेक्षा से नाराज होकर एरोड्रम बाजार दुर्गा पूजा समिति के सलाहकार एवं सोनारी थाना शांति समिति के सचिव, अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने जिला प्रशासन, जुस्को और स्थानीय पदाधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि बीते वर्ष भी सोनारी की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन और जुस्को को पत्राचार किया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। इस बार 31 जुलाई 2025 को पुनः आवेदन देकर कई गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया है।

प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं :
एरोड्रम बाजार को समतल कर पेवर ब्लॉक लगवाना। तीनों ओर बने लोहे के गेट और जर्जर चारदीवारी की मरम्मत। मुख्य सड़क का चौड़ीकरण कर अतिक्रमण रोकना। एरोड्रम बाजार को नया लाइन में स्थायी रूप से स्थानांतरित करना। बाजार परिसर में बुजुर्गों और महिलाओं के लिए बैठने की व्यवस्था। हाईमास्ट लाइट की स्थापना कर नशाखोरी व अड्डेबाज़ी पर रोक। बाजार के पास शौचालय की सुविधा। दबंग सब्जी विक्रेताओं द्वारा अतिक्रमण और अवैध वसूली पर रोक।सोनारी की जर्जर सड़कों की मरम्मत।

सुधीर कुमार पप्पू ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि आने वाले दुर्गा पूजा से पहले इन समस्याओं का निराकरण किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके और त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।


