मारवाड़ी समाज काशीडीह में “चतड़ा चौथ सिंधारा महोत्सव” की धूम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मारवाड़ी समाज काशीडीह द्वारा भूले-बिसरे पारंपरिक त्योहार “चतड़ा चौथ सिंधारा महोत्सव” का भव्य आयोजन आगामी 24 अगस्त 2025, रविवार को शाम 4 बजे से 7 बजे तक श्री सत्यनारायण मंदिर (श्री श्याम मंदिर), बिस्टुपुर में किया जाएगा।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उस परंपरा को पुनर्जीवित करना है, जो गणेश चतुर्थी के अवसर पर अविवाहित युवाओं और नवविवाहित जोड़ों के लिए खासतौर पर मनाई जाती थी, परंतु अब समाज में लगभग लुप्तप्राय हो गई है। इस बार का महोत्सव विशेष रूप से 8 से 25 वर्ष तक के युवाओं एवं नवविवाहित जोड़ों को समर्पित है।

कार्यक्रम में पारंपरिक सांस्कृतिक रंगों से सजे आकर्षक आयोजन होंगे, जिनमें गुड़धानी, डंका, खेल-मनोरंजन, संगीत और स्वादिष्ट जलपान की विशेष व्यवस्था रहेगी।

महिला शक्ति के नेतृत्व में हो रहा यह आयोजन नारी सशक्तिकरण का प्रतीक माना जा रहा है। इसकी संयोजिकाएँ संगीता शर्मा, स्वाति अग्रवाल, राखी शर्मा और रश्मि अग्रवाल हैं, जिन्होंने इसे सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का मंच बनाने का बीड़ा उठाया है।

पूर्वी सिंहभूम ज़िला मारवाड़ी सम्मेलन के अंतर्गत मारवाड़ी समाज काशीडीह ने समाज के सभी वर्गों से सपरिवार उपस्थित होकर इस परंपरा व उत्सव का आनंद लेने की अपील की है।


