ईचागढ़ में खुलेगा डिग्री कॉलेज, सरकार ने दी 38.76 करोड़ की मंजूरी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक सविता महतो के प्रयासों पर जताया गया आभार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। झारखंड सरकार की शिक्षा क्षेत्र में बड़ी पहल के तहत सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ में डिग्री कॉलेज निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। इसके लिए राज्य कैबिनेट ने 38 करोड़ 76 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। यह कॉलेज कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के अधीन संचालित होगा
झारखंड मुक्ति मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी सह झामुमो जिलाध्यक्ष सुदामा हेम्ब्रम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ईचागढ़ की विधायक सविता महतो के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह महज एक इमारत नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के हजारों युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम है।
ग्रामीण युवाओं को मिलेगा लाभ
ईचागढ़ जैसे आदिवासी बहुल और दूरस्थ क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना से न सिर्फ स्थानीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी, बल्कि शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

