टेल्को में ईंट-बालू कारोबारी पर जानलेवा हमला, चाकू मारकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार एक ईंट-बालू कारोबारी पर दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने कारोबारी के गले पर चाकू सटाकर धमकाया और विरोध करने पर उन्हें घायल कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, टाउन निवासी सुजीत झा ईंट-बालू का कारोबार करते हैं। शनिवार को वह रोज की तरह अपने स्टॉक यार्ड पहुंचे थे। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। आरोप है कि युवकों ने कहा, “बहुत पैसा कमा रहे हो”, जिसके बाद उन्होंने सुजीत झा को पकड़ लिया और उनके गले पर चाकू रख दिया। विरोध करने पर चाकू लगने से वह घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल कारोबारी ने बताया कि वह दोनों युवकों को पहले से नहीं जानते हैं और न ही उनका किसी के साथ कोई विवाद था। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों ने किसी प्रकार की रंगदारी या रकम की मांग नहीं की, बल्कि धमकाते हुए हमला कर फरार हो गए।
घटना के बाद सुजीत झा ने टेल्को थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि कारोबारियों पर इस तरह के हमले चिंता का विषय हैं और इससे व्यापारियों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, टेल्को थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है

