डीडी बार हत्याकांड: कांग्रेस ने भाजपा नेता नीरज सिंह की गिरफ्तारी और डीडी बार को स्थायी रूप से बंद करने की मांग उठाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: डबल डाउन (डीडी) बार के समीप हुई हत्या की घटना को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा नेता नीरज सिंह की गिरफ्तारी तथा डीडी बार को स्थायी रूप से बंद करने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एडीजीपी मनोज कौशिक एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय को मांगपत्र सौंपकर मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ने मांग की कि मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए, सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए तथा घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि डीडी बार में लगातार विवाद, मारपीट और आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में बार संचालन और प्रबंधन की भूमिका सामने आती है तो भाजपा नेता नीरज सिंह को भी गिरफ्तार किया जाए। कांग्रेस ने डीडी बार को स्थायी रूप से बंद करने, बार संचालक एवं संबंधित लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा रात 11 बजे के बाद शहर के सभी बार और रेस्टोरेंट के संचालन पर सख्ती से रोक लगाने की भी मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने शहर में बढ़ते अपराध, नशे के कारोबार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों पर कठोर कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था बहाल की जाए। वहीं एडीजीपी और एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

